भाजपा विधायक लोगों को भड़का रहे हैं : करन माहरा

0
167
माहरा

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन महारा ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक दुर्गेश लाल लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं। विधायक एक वर्ग की बात को पूरी तरह अनसुना कर रहे हैं और साम्प्रदायिक माहौल पैदा कर रहे हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने प्रेस वार्ता कर प्रदेश में चल रहे सांप्रदायिक माहौल को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सुनियोजित तरीके से भाजपा की ओर से इस तरह की साजिश रची गई और महापंचायत की बात कही गई। चारधाम यात्रा के बीच इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुरोला से जिन लोगों ने पलायन किया, उसमें ज्यादातर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के ही लोग शामिल हैं और ये साज़िश के तहत माहौल बनाने की कोशिश हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि जब से भाजपा की सरकार प्रदेश में आई है हेट स्पीच के मामले बढ़े हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंकिता भंडारी हत्याकांड, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से लोगों का ध्यान भटक सके, इसलिए प्रदेश में लैंड जिहाद और लव जिहाद जैसे मामलों को बढ़ाकर अन्य मामलों से ध्यान भटकाने की कोशिश भाजपा कर रही है।