वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्तराखंड की प्रतिवर्ष प्रति व्यक्ति आय 2,74,064 रुपये होने का अनुमान है, जो कि 2023-24 की तुलना में 11.33 प्रतिशत अधिक है। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए यह आंकड़ा 2,46,178 रुपये था।
शनिवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रमुख सचिव डॉ. मीनाक्षी सुंदरम ने राज्य के आर्थिक सर्वेक्षण के महत्वपूर्ण आंकड़े पेश किए। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का आकार (प्रचलित भावों पर राज्य सकल घरेलू उत्पाद) 378.24 हजार करोड़ रुपये होने का अनुमान है, जबकि 2023-24 में यह 332.99 हजार करोड़ रुपये था। इससे अर्थव्यवस्था में 13.59 प्रतिशत की वृद्धि का संकेत मिलता है।
मीनाक्षी ने बताया कि राज्य में अर्थव्यवस्था का आकार (प्रचलित भावों पर राज्य सकल घरेलू उत्पाद) वित्तीय वर्ष 2024-25 में 378.24 हजार करोड़ रुपये होने का अनुमान है। जबकि वित्तीय वर्ष 2023-24 में अर्थव्यवस्था का आकार 332.99 हजार करोड़ रुपये प्राप्त होने का अनुमान है। जो कि 13. 59 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
वास्तविक सकल राज्य घरेलू उत्पाद (आधार वर्ष 2011-12) के अनुसार, वर्ष 2024-25 में उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का आकार 217.82 हजार करोड़ रुपये होने का अनुमान है, जबकि 2023-24 में यह 204.32 हजार करोड़ रुपये था। वर्ष 2024-25 में राज्य की आर्थिक विकास दर 6.61 प्रतिशत रहने की संभावना है, जो 2023-24 में 7.83 प्रतिशत थी।
इधर, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2024-25 में भारत की प्रति व्यक्ति आय 2,00,162 रुपये अनुमानित है जो कि वर्ष 2023-24 की तुलना में 8.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। वर्ष 2023-24 में 1,84,205 रुपये प्रति व्यक्ति आय अनुमानित की गई है। राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2024-25 में देश की आर्थिक विकास दर 6.4 प्रतिशत रहने की संभावना है और वर्ष 2023-24 में 8.2 प्रतिशत थी।