उत्तराखंड पॉलिसी मेकर की भूमिका निभाएगा : अमित शाह

0
218

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को उत्तराखंड वैश्विक निवेशक सम्मेलन में कहा कि आने वाले दिनों में उत्तराखंड पॉलिसी मेकर की भूमिका निभाएगा। यहां आईटी, पर्यटन और आयुष के क्षेत्र में ढ़ेर सारी संभावनाएं हैं। पूरे देश की जिम्मेदारी है कि छोटे राज्यों का प्रयोग सफल बनाने के लिए आगे आएं।

वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में आयोजित दो दिवसीय वैश्विक निवेशक सम्मेलन के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड डेस्टिनेशन का यह समापन नहीं है बल्कि शुरुआत है। जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ढाई लाख करोड़ के लक्ष्य को रखा था, उस समय भी आश्चर्य किया रहा था, लेकिन आज साढ़े तीन लाख करोड़ के एमओयू होना मायने रखता है। यह उत्तराखंड ही नहीं देश के लिए खुशी का विषय है।

अमित शाह ने सिलक्यारा सुरंग से निकाले गए 41 श्रमिकों के सफल ऑपरेशन के लिए मुख्यमंत्री धामी के कुशल नेतृत्व को श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के चेहरे की अद्भुत शांति और उनका कार्य नेतृत्व की क्षमता राज्य के लिए उपयोगी साबित हो रहा है।उन्होंने कहा कि आज मैं कह सकता हूं कि अटल ने उत्तराखंड को बनाया और मोदी उसे संवारने का कार्य कर रहे हैं। आज उत्तराखंड विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। एक दशक में भारत के विकास से दुनिया चकाचौंध है। आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र में अग्रणी होगा।

उन्होंने कहा कि 2014 से 2023 तक भारत ने तेजी से विकास में छलांग लगाई है। 2027 तक जापान और जर्मनी को पीछे छोड़कर हम तीसरी अर्थव्यवस्था बनेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व ने जी 20 के आयोजन को देखा है। देश के 60 स्थानों पर विदेशी मेहमानों को पहुंचाया गया। दिल्ली डिक्लेरेशन को दशकों तक याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने साढ़े 13 करोड़ लोगों को ग़रीबी रेखा से निकाला है। 2014 में 04 स्टार्टअप थे। अब 110 स्टार्टअप हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह 140 करोड़ भारतीयों का विश्वास है। भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, जनकल्याण नीतियाें के लिए प्रधानमंत्री को बधाई देना चाहता हूं। अटल ने छोटे राज्यों में विकास की गति देने का काम किया। भाजपा और धामी के नेतृत्व में सबसे ज्यादा प्रगति उत्तराखंड में हुई है। सीमा पर खाली गांव और पलायन रोकने के लिए धामी बेहतर कार्य कर रहे हैं।

भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन उत्तराखंड में निवेश के लिए अनुकूल है। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जिस राज्य में भाजपा की सरकार है वहां विकास जमीन पर उतर रहा है। मैं जनता को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि भ्रष्टाचारियों को बक्शा नहीं दिया जाएगा। उत्तराखंड के अंदर सरकार ने पारदर्शी माहौल देने का काम किया है।