उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने दुष्कर्म की घटनाओं को मानवता को कलंकित एवं शर्मसार करने वाली घटना बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कुकृत्यों की जितने भी निंदा की जाए कम है।
करन माहरा ने कहा कि कोलकाता में महिला चिकित्सक के साथ भीभत्स घटना घटित होने के बाद भी सरकारें नहीं चेती जिसका परिणाम उत्तराखंड के रूद्रपुर में महिला नर्स की दुष्कर्म के बाद नृसंस हत्या तथा देहरादून के आईएसबीटी में युवती के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हैं। महिला अपराध में संलिप्त तत्वों के हौसले बुलंद हैं। उन्हें कानून का कोई भय नहीं है।
माहरा ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में धामी सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में हत्या, चोरी, डकैती, दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराधों की घटनाओं की बाढ़ आई हुई है। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड राज्य महिला अपराध की घटनाओं में पहले पायदान पर खड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार पिछले कुछ वर्षों से राज्य में अराजकता, चोरी, डकैती, लूट व महिला अत्याचार की घटनायें घटित हुई हैं उससे कानून का राज पूरी तरह से समाप्त हो चुका है। राज्य में महिलायें अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस धामी सरकार से अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करती है। प्रदेश कांग्रेस 19 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व पर एक घंटे का मौन उपवास रख सरकार को चेताने का काम करेगी।





















































