कल्प गंगा में गिरा पिकअप वाहन, तीन लोग लापता, पांच घायल

0
714

गोपेश्वर,  चमोली जिले के विकास खंड जोशीमठ के हेलंग-उर्गम मोटर मार्ग पर हेलंग से आगे पावर हाउस साइड पर गुरुवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक पिकअप अनियंत्रित होकर कल्प गंगा में जा गिरी। कार में सवार आठ लोगों में से पांच घायल हो गये हैं, जबकि तीन लोग लापता हैं, उनकी खोजबीन की जा रही है।

चालक त्रिलोक सिंह को हल्की चोटें आयी हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, गुरुवार की सुबह साढे आठ बजे के आसपास एक पिकअप यूके सीए 1068 उर्गम हेलंग मोटरमार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होकर कल्पगंगा में गिरा। जिससे उसमें सवार चालक सहित नौ लोगों में से छह घायल हो गए, जबकि तीन लोग लापता हैं। जानकारी मिलते ही जोशीमठ कोतवाली से पुलिस टीम, एसडीआरएफ, आईटीबीपी व स्थानीय लोगों ने पहुंचकर रेस्क्यू आपरेशन चलाया। घायलों को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया है। लापता तीनों लोगों की खोजबीन की जा रही है।

दुर्घटना में घायलों में उमा देवी 40, सावित्री देवी 32, नंदा सिंह 22, हर्षवर्धन सिंह 36 और दुर्गा देवी 40 शामिल हैं। जबकि लापता लोगों में सतेश्वरी देवी 35, अंजनी देवी 38 और सुभाष 35 के नाम शामिल हैं। घायल और लापता लोग सभी एक ही गांव आरोसी के निवासी हैं।